दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित 'वोट बचाओ देश बचाओ' मंच से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जोरदार हमला बोला। इस दौरान मंच पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी दलों के प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। ममता बनर्जी ने अपने संबोधन में चुनाव प्रक्रिया, केंद्रीय एजेंसियों और केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़े सवाल खड़े किए।
ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल को परिस्थितियों का शिकार बनाया गया है, लेकिन वे झुकने वाले नहीं हैं और लोकतंत्र को बचाने के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से बैठकर लोकतंत्र और जनादेश को लूटा जा रहा है, जिसका जवाब देश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
'वैनिश कुमार' और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए उन पर तंज कसा और उन्हें 'वैनिश कुमार' कहकर संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में सिर्फ वोट ही गायब नहीं हुए, बल्कि सेंट्रली हाईजैकिंग करके पूरी काउंटिंग को प्रभावित किया गया।
- ममता बनर्जी ने दावा किया कि बंगाल में वोटिंग से पहले 1 करोड़ से अधिक वोटों को कथित तौर पर निकाल दिया गया।
- उन्होंने कहा, "हम हारे नहीं हैं, हमें हराया गया है और इसका बदला हम राजनीति और लोकतंत्र के जरिए लेंगे।"
- उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा कि 'वैनिश कुमार' कब हटेंगे, इसका जनता को इंतजार है और पहले उन्हें हटाया जाना चाहिए।
'वैनिश-वैनिश यस पापा' की तर्ज पर अनोखा तंज
भाषण के दौरान ममता बनर्जी ने बच्चों की नर्सरी राइम की तर्ज पर बीजेपी पर तीखे कटाक्ष किए और मैदान में मौजूद भीड़ से नारे लगवाए। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे से सब कुछ बीजेपी ही संचालित कर रही है।
- वोट चोरी और लोकतंत्र चोरी – बीजेपी पापा
- नौकरी चोरी और युवाओं का भविष्य चोरी – बीजेपी पापा
- किसानों का सम्मान और मजदूरों के घर तोड़ना – बीजेपी पापा
- "बीजेपी को चाहिए? नो पापा!" के नारे लगवाते हुए उन्होंने केंद्र की सत्ता को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
'सबका साथ, सबका विकास' नहीं, 'बीजेपी का साथ, सबका सत्यानाश'
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार के नारे 'सबका साथ, सबका विकास' पर पलटवार करते हुए कहा कि आज जनता कह रही है कि 'बीजेपी का साथ, सबका सत्यानाश' हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मंदिर, मस्जिद, वक्फ संपत्ति, गुरुद्वारे से लेकर सरकारी खजाने तक की अनदेखी और लूट की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और लोगों के अधिकारों को छीना जा रहा है।
एजेंसियों और पुलिस को निष्पक्ष रहने की सलाह
केंद्रीय जांच एजेंसियों और पुलिस प्रशासन पर बात करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पुलिस बल हमारे भाई-बहनों की तरह हैं, लेकिन बीजेपी उन्हें अपना कॉमरेड बनाकर राजनीतिक काम करा रही है।
उन्होंने जांच एजेंसियों से अपील करते हुए कहा कि वे बीजेपी की कठपुतली बनकर काम न करें, क्योंकि यह सरकार जाने वाली है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों को एक निष्पक्ष संस्था की तरह काम करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट से भी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
'जो लड़ते हैं, वही जीतते हैं'
अपने भाषण के अंत में ममता बनर्जी ने बिस्मिल का मशहूर शेर 'सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है ज़ोर कितना बाज़ू-ए-क़ातिल में है' दोहराया। उन्होंने कहा कि रोशनी चांद से होती है सितारों से नहीं, और देश में मोहब्बत लोकतंत्र से कायम होती है, पुलिस की ज्यादतियों से नहीं।
उन्होंने कहा कि जो डरते हैं और काफिर हैं, वे हर रोज डरते हैं, लेकिन जो हक के लिए लड़ते हैं, वे ही जिंदगी और कामयाबी कमाते हैं और जीत दर्ज करते हैं। उन्होंने आने वाले दिनों के लिए 'सेव इंडिया, सेव डेमोक्रेसी' का नारा देते हुए छात्रों, युवाओं (Gen Z) और सभी समुदायों से एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।


0 टिप्पणियाँ
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले टिप्पणी करें।